पिण्डरई में श्रीमद्भागवत कथा में हुआ रुक्मणी विवाह का मनमोहक प्रसंग, संत भगत गिरी महाराज के आगमन से उमड़े श्रद्धालु
पिण्डरई में श्रीमद्भागवत कथा में हुआ रुक्मणी विवाह का मनमोहक प्रसंग, संत भगत गिरी महाराज के आगमन से उमड़े श्रद्धालु
ढीमरखेड़ा । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पिण्डरई में गोस्वामी परिवार के धर्मराज पुरी द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 18 नवंबर से 24 नवंबर तक आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी विवाह का मनमोहक एवं आकर्षक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। कथा के दौरान रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी के विवाह प्रसंग को भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण किया और भक्ति रस में सराबोर होकर धर्मलाभ अर्जित किया। कार्यक्रम में अमोल खोय आश्रम के संत भगत गिरी जी महाराज (बच्चू महाराज) के आगमन से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे। संत के दर्शन और आशीर्वचन प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने स्वयं को धन्य महसूस किया। आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। गोस्वामी परिवार एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस सात दिवसीय भागवत कथा का समापन 24 नवंबर को होगा। आयोजक परिवार ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें