रात 7 बजे के बाद तक खुला रहा एसबीआई उमरियापान का मुख्य गेट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल बैंकों में लूटपाट की घटनाओं के बावजूद सुरक्षा में लापरवाही, उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों के व्यवहार पर भी जताई नाराजगी, अधिकारियों से की शिकायत
रात 7 बजे के बाद तक खुला रहा एसबीआई उमरियापान का मुख्य गेट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल बैंकों में लूटपाट की घटनाओं के बावजूद सुरक्षा में लापरवाही, उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों के व्यवहार पर भी जताई नाराजगी, अधिकारियों से की शिकायत
उमरियापान:- प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बैंकों में हुई लूटपाट की घटनाओं के बाद भी बैंक प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। उमरियापान स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार रात करीब 7 बजे के बाद तक मुख्य द्वार का गेट खुला रहने का मामला सामने आया है। इस दौरान बैंक के मुख्य गेट पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आए। बैंक परिसर का मुख्य द्वार देर तक खुला रहने से बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बैंक उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंक प्रबंधन आम ग्राहकों के लिए समय की पाबंदी को लेकर सख्ती बरतता है। यदि कोई उपभोक्ता शाम 4 बजकर 2 से 4 मिनट के बाद अपना काम कराने बैंक पहुंचता है तो उसे वापस लौटा दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर रात करीब 7 बजे के बाद तक बैंक का मुख्य गेट खुला रहना समझ से परे है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बैंक में पदस्थ कैश ऑफिसर रूपेश सुसौदिया एवं निजी कर्मचारी किशन काछी द्वारा ग्राहकों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता एवं अभद्र भाषा का उपयोग किया जाता हैं। कामकाज के दौरान कर्मचारियों के व्यवहार से उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर ग्राहकों में आक्रोश व्याप्त है। उपभोक्ताओं ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उमरियापान भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि यदि बैंक का मुख्य गेट देर तक खुला रहा है तो यह गलत है। इस संबंध में स्टाफ से जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक स्टाफ के साथ बैठक कर उन्हें समझाइश दी जाएगी कि उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार करें और बैंक की व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें