भूमिपूजन के बाद भी अधूरा सपना, सिमरिया में नई सिविल कोर्ट भवन का काम अब तक शुरू नहीं, वकीलों की मांग जल्द काम हो चालू ताकि मिले अन्य सुविधाएं
भूमिपूजन के बाद भी अधूरा सपना, सिमरिया में नई सिविल कोर्ट भवन का काम अब तक शुरू नहीं, वकीलों की मांग जल्द काम हो चालू ताकि मिले अन्य सुविधाएं
ढीमरखेड़ा । सिमरिया में नई सिविल कोर्ट भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन किए जाने के बावजूद आज दिनांक तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। नई बिल्डिंग और बेहतर सुविधाओं के साथ न्यायालयीन कार्य शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे अधिवक्ताओं और क्षेत्रवासियों में अब निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि सिमरिया में सिविल कोर्ट की नई बिल्डिंग के लिए भूमि का चयन किया गया था। उक्त भूमि पर पहले अतिक्रमण की स्थिति थी, जिसे प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके बाद नई कोर्ट बिल्डिंग के निर्माण की दिशा में भूमिपूजन भी किया गया, जिससे लोगों को जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी थी। लेकिन भूमिपूजन के बाद काफी समय बीत जाने के बावजूद निर्माण स्थल पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। निर्माण सामग्री, मजदूर और निर्माण गतिविधियां शुरू नहीं होने से अधिवक्ताओं में निराशा है। उनका कहना है कि न्यायालय भवन का निर्माण केवल एक भवन तैयार करने का विषय नहीं है, बल्कि इससे न्यायिक कार्यों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
*वकीलों ने जल्द निर्माण शुरू करने की उठाई मांग*
ढीमरखेड़ा के अधिवक्ताओं ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सिमरिया में प्रस्तावित नई सिविल कोर्ट बिल्डिंग का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। अधिवक्ताओं का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में कई तरह की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई बिल्डिंग बनने से न्यायालयीन कार्य व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेंगे तथा अधिवक्ताओं और पक्षकारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।अधिवक्ताओं ने कहा कि जब भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद निर्माण के लिए तैयार किया गया और भूमिपूजन भी हो चुका है, तो अब निर्माण कार्य शुरू होने में देरी का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए।
*भूमिपूजन के बाद उम्मीद, अब निर्माण का इंतजार*
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमिपूजन के समय यह उम्मीद बनी थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होकर नई कोर्ट बिल्डिंग आकार लेने लगेगी। लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से भूमिपूजन के बाद की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी सार्वजनिक की जाए और यदि किसी तकनीकी, प्रशासनिक या बजट संबंधी कारण से काम रुका हुआ है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।अब अधिवक्ताओं और क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि सिमरिया की प्रस्तावित सिविल कोर्ट बिल्डिंग का निर्माण आखिर कब शुरू होता है और नई सुविधाओं के साथ न्यायालयीन कार्य कब तक संचालित हो पाता है।

15 फीट पानी भरा हुआ था जहां भूमि पूजन हुआ था सिविल कोर्ट का
जवाब देंहटाएं