ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार भेजा जेल, एक की तलाश जारी, ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
ढीमरखेड़ा पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार भेजा जेल, एक की तलाश जारी, ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
ढीमरखेड़ा | कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।जबकि मामले के एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों के प्रति तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। लगातार की गई पतासाजी और दबिश के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को ग्राम खम्हरिया निवासी सुखबरा बाई पति प्रहलाद कोल की शिकायत पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 425/26 दर्ज किया गया था।प्रारंभिक रूप से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि 29 जुलाई 2026 को प्रहलाद कोल के साथ लाठी, डंडे और फावड़े से मारपीट की गई थी। गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं का इजाफा किया और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी।जांच में विदेशी उर्फ परदेशी कोल, कुलसिया बाई, संतराम कोल तथा रतनराम कोल, सभी निवासी ग्राम खम्हरिया, के नाम सामने आए। पुलिस ने पहले विदेशी उर्फ परदेशी कोल और कुलसिया बाई को गिरफ्तार किया। इसके बाद फरार चल रहे आरोपी रतनराम कोल को भी पकड़ लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले के एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा मामले की विवेचना निष्पक्ष रूप से जारी है। हत्या जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी कानूनी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के साथ उपनिरीक्षक अनिल पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, विजेन्द्र तिवारी तथा आरक्षक दीपक श्रीवास, पंकज सिंह, डुमन दास, देवेन्द्र अहिरवार, रजीत सिंह, अजय धुर्वे और गंधर्व सिंह सहित थाना ढीमरखेड़ा के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें