महिला यात्री की ट्रेन छूटने पर रीठी क्षेत्र के जंगल में सामूहिक बलात्कार, मुख्य आरोपी को रीठी पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिला यात्री की ट्रेन छूटने पर रीठी क्षेत्र के जंगल में सामूहिक बलात्कार, मुख्य आरोपी को रीठी पुलिस ने किया गिरफ्तार
कटनी | ट्रेन छूटने के बाद मंदिर दर्शन का झांसा देकर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को रीठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने एक माह पुराने इस बेहद चुनौतीपूर्ण मामले का पर्दाफाश करते हुए ऑटो चालक को दबोचा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला (जो लंबे समय से मानसिक बीमारी का इलाज करा रही थी) 14 जून 2026 को अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस में सवार हुई थी। रात लगभग 9:45 बजे मुड़वारा (कटनी) स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान महिला पानी लेने उतरी, तभी उसकी ट्रेन छूट गई। स्टेशन के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को मंदिर दर्शन कराने का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर एक ई-रिक्शा (ऑटो) में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे रीठी रोड पर पौसरा स्टेशन के पास जंगल में ले गए, जहाँ ऑटो चालक और उसके अज्ञात साथी ने महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
*इलाज के बाद दिल्ली में दर्ज कराई एफआईआर*
15 जून को सुबह डायल 112 की सूचना पर रीठी पुलिस मौके पर पहुंची। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण महिला कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। पुलिस ने उसे शासकीय अस्पताल रीठी में भर्ती कराया और उसके भाई को सूचित किया। इसके बाद भाई महिला को वापस दिल्ली ले गया, जहाँ इलाज के बाद मानसिक स्थिति सामान्य होने पर पीड़िता ने आपबीती बताई। दिल्ली के सफदरजंग थाने में अपराध क्रमांक 0/26 (धारा 70 बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर केस डायरी जिला कटनी पुलिस को भेजी गई। थाना रीठी में 15 जुलाई 2026 को असल अपराध क्रमांक 346/26 कायम कर जांच शुरू की गई।
*800 से अधिक ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग से मिला सुराग*
प्रकरण एक माह पुराना होने और आरोपी के अज्ञात होने के कारण मामले को सुलझाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा और थाना प्रभारी रीठी मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के लगभग 800 से 900 ऑटो चालकों की गहन स्क्रीनिंग की। तकनीकी साक्ष्यों और सतत जांच के आधार पर रीठी क्षेत्र के जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी दिनेश चौधरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो (MP 21 ZJ 6903) जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कटनी ने बताया कि न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर मामले में संलिप्त अन्य अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस सफलता में थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान, प्रधान आरक्षक राम पाठक, अजय मेहरा, नितेश दुबे, ओमशंकर शुक्ला, आरक्षक अमन, समशेर, आशुतोष यादव, आशुतोष सिंह, घनश्याम, ज्ञानेंद्र, पंकज, अनूप तथा सायबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम व दीपक शर्मा की सराहनीय और विशेष भूमिका रही।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें