उमरपानी में सड़क और स्कूल की मांग को लेकर जनआंदोलन की तैयारी, अब्दुल क़ादिर ख़ान ने किया सहयोग का आह्वान
उमरपानी में सड़क और स्कूल की मांग को लेकर जनआंदोलन की तैयारी, अब्दुल क़ादिर ख़ान ने किया सहयोग का आह्वान
ढीमरखेड़ा । ग्राम उमरपानी में सड़क, स्कूल भवन, आंगनवाड़ी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कथित बदहाल स्थिति को लेकर जनआंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। जमीयत उलेमा जिला कटनी (म.प्र.) के जनरल सेक्रेटरी अब्दुल क़ादिर ख़ान ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनजागरूकता रैली और आंदोलन आयोजित करने की घोषणा करते हुए सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और जागरूक नागरिकों से सहयोग की अपील की है।अब्दुल क़ादिर ख़ान का कहना है कि ग्राम उमरपानी में स्कूल भवन नहीं होने के कारण लगभग 96 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें निजी घरों एवं अस्थायी स्थानों पर अध्ययन करना पड़ रहा है। उनका यह भी आरोप है कि गाँव की सड़क अत्यंत जर्जर होने से आवागमन में कठिनाई हो रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, आंगनवाड़ी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने हेतु शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।प्रमुख मांगें ग्राम उमरपानी में तत्काल स्कूल भवन की व्यवस्था की जाए। बच्चों की नियमित एवं सुचारु शिक्षा सुनिश्चित की जाए।आंगनवाड़ी केंद्र का नियमित संचालन किया जाए। गाँव की सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए। शिक्षा एवं बाल कल्याण से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएँ तत्काल बहाल की जाएँ।अब्दुल क़ादिर ख़ान ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह जनहित, बच्चों के शिक्षा अधिकार और ग्रामीणों की बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संचालित किया जाएगा। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो होगी भूख हड़ताल जिसकी समस्त जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें