बड़वारा विधानसभा के महाविद्यालयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग तेज क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात करके सौंपा पत्र
बड़वारा विधानसभा के महाविद्यालयों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग तेज क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात करके सौंपा पत्र
कटनी । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने पहल की है।विधायक ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मुलाकात कर बड़वारा, ढीमरखेड़ा, सिलौड़ी एवं उमरिया पान के शासकीय महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम जल्द प्रारंभ किए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।विधायक ने मंत्री को बताया कि इन महाविद्यालयों में वर्तमान में केवल स्नातक स्तर तक ही अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। इसके कारण स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित हो जाते हैं और उनका अध्ययन बीच में ही रुक जाता है। उन्होंने आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के चारों शासकीय महाविद्यालयों में शीघ्र पीजी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएं, ताकि स्थानीय स्तर पर ही छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त कर सकें और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर मिल सकें। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने विधायक द्वारा प्रस्तुत मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही इन महाविद्यालयों में पीजी कक्षाओं का संचालन प्रारंभ होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें