क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में उमरियापान मंडी में मूंग-उड़द की शासकीय खरीदी शुरू, किसानों के खिले चेहरे
क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में उमरियापान मंडी में मूंग-उड़द की शासकीय खरीदी शुरू, किसानों के खिले चेहरे
ढीमरखेड़ा । क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उमरियापान स्थित शासकीय खरीदी केंद्र में ग्रीष्मकालीन फसल मूंग एवं उड़द की समर्थन मूल्य पर शासकीय खरीदी का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की उपस्थिति में किया गया। खरीदी प्रारंभ होते ही किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने सरकार की इस पहल का स्वागत किया । शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता दुबे, जिला पंचायत सदस्य प्रिया सिंह, विजय दुबे सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर किसानों से चर्चा की तथा उन्हें खरीदी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था के साथ संचालित की जाएगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने किसानों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी उपज खरीदी केंद्र पर लाने की अपील भी की। खरीदी केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। समय पर खरीदी शुरू होने से किसानों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। किसानों ने उम्मीद जताई कि खरीदी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समय पर पूरी होगी और उन्हें उनकी उपज का शीघ्र भुगतान मिलेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें