48 घंटे के भीतर हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, ढीमरखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
कटनी । जमीनी विवाद में हुई हत्या के मामले में ढीमरखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं मामले के अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को ग्राम खम्हरिया निवासी सुखबरा बाई ने अपने पति प्रहलाद कोल के साथ मारपीट किए जाने की रिपोर्ट थाना ढीमरखेड़ा में दर्ज कराई थी। प्रारंभ में संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। उपचार के दौरान 29 जुलाई को प्रहलाद कोल की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं का इजाफा किया गया। विवेचना के दौरान विदेशी उर्फ परदेशी कोल, कुलसिया बाई एवं संतराम कोल निवासी ग्राम खम्हरिया के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। लगातार तलाश के बाद 30 जुलाई 2026 को पुलिस ने विदेशी उर्फ परदेशी कोल एवं कुलसिया बाई कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
*इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका*
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, उपनिरीक्षक विजेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, देवेन्द्र अहिरवार, अजय धुर्वे एवं गंधर्व सिंह का विशेष योगदान रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें