हर चीज़ की गारंटी और वारंटी हैं लेकिन मनुष्य जीवन की कोई गारंटी नहीं हैं भगवान इस समय कच्ची फसल काट रहे हैं, अत्याचारी जिंदा हैं अच्छे लोगों को भगवान बुला रहे हैं क्योंकि इंसान की असली पहचान उसकी उम्र से नहीं, बल्कि उसके जाने के बाद लोगों के दिलों में बची उसकी यादों से होती है,न दौलत साथ जाएगी, न शोहरत का खजाना, खाली हाथ आए थे, खाली हाथ है जाना
हर चीज़ की गारंटी और वारंटी हैं लेकिन मनुष्य जीवन की कोई गारंटी नहीं हैं भगवान इस समय कच्ची फसल काट रहे हैं, अत्याचारी जिंदा हैं अच्छे लोगों को भगवान बुला रहे हैं क्योंकि इंसान की असली पहचान उसकी उम्र से नहीं, बल्कि उसके जाने के बाद लोगों के दिलों में बची उसकी यादों से होती है,न दौलत साथ जाएगी, न शोहरत का खजाना, खाली हाथ आए थे, खाली हाथ है जाना
कटनी | आज के दौर में बाजार में बिकने वाली लगभग हर चीज के साथ गारंटी और वारंटी मिल जाती है। मोबाइल हो, गाड़ी हो, मशीन हो या घर का कोई सामान खराब होने पर उसे ठीक कराने या बदलवाने का भरोसा दिया जाता है। लेकिन इस दुनिया की सबसे अनमोल चीज मनुष्य का जीवन है, जिसकी न कोई गारंटी है और न ही कोई वारंटी। इंसान भविष्य के लिए हजारों योजनाएं बनाता है। कोई अपने बच्चों का भविष्य संवारने में लगा है, कोई परिवार के लिए घर बना रहा है, तो कोई समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है।लेकिन जीवन की सच्चाई यह है कि अगला पल किसने देखा है? कब किसकी सांसों की डोर थम जाए, यह कोई नहीं जानता। आज समाज में एक दर्दनाक सवाल बार-बार मन को झकझोरता है कि आखिर अच्छे और नेक इंसानों को ही इतनी जल्दी क्यों जाना पड़ता है? कई बार ऐसे लोग असमय दुनिया छोड़ जाते हैं, जिनके जाने से परिवार ही नहीं, पूरा समाज सूना हो जाता है। वहीं दूसरी ओर गलत रास्ते पर चलने वाले कुछ लोग लंबे समय तक अपना जीवन जीते दिखाई देते हैं। लोग भावुक होकर कहते हैं कि शायद भगवान इस समय कच्ची फसल काट रहे हैं। जो लोग अभी जीवन की जिम्मेदारियां निभा रहे थे, जिनके कंधों पर परिवार की उम्मीदें थीं, उन्हें ही समय से पहले अपने पास बुला रहे हैं। यह पीड़ा और सवाल किसी एक परिवार के नहीं, बल्कि हर उस इंसान के हैं जिसने कभी किसी अपने को असमय खोया है लेकिन जीवन और मृत्यु का रहस्य इंसान की समझ से परे है।किसी के जीवन की अवधि को उसके अच्छे या बुरे कर्मों का सीधा परिणाम मान लेना भी उचित नहीं। मृत्यु किसी को भी, किसी भी समय आ सकती है। इसलिए जरूरी है कि हम अपने जीवन को केवल धन, पद, प्रतिष्ठा और अहंकार के पीछे भागते हुए न गंवाएं। असली संपत्ति बैंक बैलेंस नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में बनाई गई जगह है।इंसान अपने साथ कुछ लेकर नहीं जाता, लेकिन उसके अच्छे कर्म, व्यवहार, संस्कार और यादें हमेशा जीवित रहती हैं। आज जरूरत है कि हम अपनों को समय दें, किसी का दिल न दुखाएं, जरूरतमंद की मदद करें और किसी के साथ अन्याय न करें। क्योंकि पता नहीं कल सुबह किसकी आंख खुलेगी और किसका सफर यहीं थम जाएगा। अंततः जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई यही है न दौलत साथ जाएगी, न शोहरत का खजाना, खाली हाथ आए थे, खाली हाथ है जाना इसलिए न किसी को रुलाओ, न किसी का दिल दुखाओ, जिंदगी चार दिन की है, इसे इंसानियत से निभाओ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें