तिलमन की बेटी दिशा बागरी ने जीता गोल्ड मैडल, सिलौड़ी क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
ढीमरखेड़ा । सिलौड़ी क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम पंचायत नेगई के ग्राम तिलमन की बेटी दिशा बागरी, पिता मनोज बागरी ने ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया है। दिशा की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे तिलमन, नेगई एवं सिलौड़ी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।दिशा बागरी ने राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर दिशा ने यह मुकाम हासिल कर क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। दिशा की इस सफलता की जानकारी मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बेटी ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर तिलमन और सिलौड़ी क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परिजनों ने बताया कि दिशा बचपन से ही कराटे के प्रति रुचि रखती हैं और नियमित रूप से अभ्यास करती रही हैं। उनकी मेहनत और लगन का परिणाम अब ऑल इंडिया कराटे प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल के रूप में सामने आया है। ग्रामीणों ने कहा कि बेटियां यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं। दिशा बागरी की उपलब्धि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देने वाली है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि दिशा आने वाले समय में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।दिशा बागरी की इस उपलब्धि पर परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें