सचिव दीनू साहू का विवादों के कारण हुआ था स्थानांतरण, फ़िर पहुंच गए खमतरा , स्थानांतरण के डेढ़ माह बाद भी सचिव भारत सिंह ने नहीं सौंपा चार्ज, खमतरा पंचायत के कामकाज पर लगा विराम, नए सचिव को प्रभार नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान
सचिव दीनू साहू का विवादों के कारण हुआ था स्थानांतरण, फ़िर पहुंच गए खमतरा , स्थानांतरण के डेढ़ माह बाद भी सचिव भारत सिंह ने नहीं सौंपा चार्ज, खमतरा पंचायत के कामकाज पर लगा विराम, नए सचिव को प्रभार नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान
ढीमरखेड़ा । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत खमतरा में सचिव के स्थानांतरण के बावजूद प्रभार हस्तांतरण नहीं होने का मामला सामने आया है।उपलब्ध जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खमतरा में पदस्थ सचिव भारत सिंह का करीब डेढ़ माह पूर्व अन्यंत्र स्थानांतरण किया जा चुका है। शासन के आदेश के तहत 27 जुलाई 2026 को नए सचिव दीनू साहू की पदस्थापना भी पंचायत में की गई, लेकिन इसके बावजूद तत्कालीन सचिव द्वारा पंचायत का संपूर्ण प्रभार नए सचिव को नहीं सौंपे जाने की बात सामने आई है।
*दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड नहीं सौंपने का आरोप*
पंचायत से जुड़े लोगों का कहना है कि नए सचिव की पदस्थापना होने के बाद भी पुराने सचिव द्वारा पंचायत के दस्तावेज, अभिलेख, वित्तीय रिकॉर्ड सहित अन्य आवश्यक सामग्री का प्रभार नए सचिव को नहीं दिया गया। इससे पंचायत के दैनिक कामकाज एवं विकास संबंधी गतिविधियों के प्रभावित होने की स्थिति बताई गई है।
*पंचायत के काम प्रभावित होने का आरोप*
ग्राम पंचायत की ओर से अधिकारियों को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नए सचिव की पदस्थापना हो जाने के बावजूद प्रभार हस्तांतरित नहीं होने से पंचायत के कार्यों में रुकावट आ रही है। ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर पंचायत का संपूर्ण प्रभार नए सचिव को दिलाने की मांग की है।
*पूर्व कार्यकाल को लेकर भी उठे सवाल*
उल्लेखनीय है कि भारत सिंह के पूर्व कार्यकाल को लेकर पंचायत में कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच अथवा सक्षम अधिकारी की रिपोर्ट से होना बाकी है।
*अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग*
स्थानांतरण के बाद भी प्रभार नहीं सौंपे जाने को लेकर पंचायत की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की गई है कि शासन के आदेश के अनुरूप तत्काल प्रभाव से पंचायत का संपूर्ण प्रभार नए सचिव को दिलाया जाए, ताकि रुके हुए कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें और ग्रामीणों को योजनाओं एवं पंचायत संबंधी कार्यों का लाभ समय पर मिल सके। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा यजुवेंद्र कोरी ने मामले को दिखवाने का आश्वासन दिया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें