दो माह से अनुपस्थित अतिथि शिक्षक मामले में शाला प्रभारी को बीईओ ने थमाया नोटिस
ढीमरखेड़ा | शासकीय माध्यमिक शाला सगौना में पदस्थ अतिथि शिक्षक मंजू भालाधरे के करीब दो माह से बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अभय जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शाला प्रभारी अशोक चौधरी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही बीईओ ने संकुल प्राचार्य से भी पूरे मामले की विस्तृत जानकारी मांगी है। अतिथि शिक्षक के लंबे समय से गायब रहने के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर लिखित जानकारी न दिए जाने पर शाला प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बीईओ ने पूछा है कि अनुपस्थिति की जानकारी समय पर विभागीय स्तर पर क्यों नहीं दी गई। विभागीय व्यवस्था अनुसार उपस्थिति रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी कि दो माह के दौरान अतिथि शिक्षक की उपस्थिति दर्ज की गई थी या अनुपस्थिति दर्शाई गई थी। लगातार अनुपस्थिति के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था न किए जाने और सूचना न देने पर स्थानीय ग्रामीणों तथा शिक्षाप्रेमियों में नाराजगी है, क्योंकि इससे विद्यार्थियों का अध्यापन कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभय जैन ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आने के बाद शाला प्रभारी अशोक चौधरी को नोटिस जारी किया गया है और संकुल प्राचार्य को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। संकुल प्राचार्य की रिपोर्ट और उपस्थिति रिकॉर्ड की जांच के बाद नियमानुसार जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें