ग्राम पंचायत पाली के ग्राम झारापानी वार्ड नंबर 08 में गंदगी का अंबार, 181 शिकायत के बाद भी सफाई व्यवस्था पर सवाल ग्रामवासियों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई
ग्राम पंचायत पाली के ग्राम झारापानी वार्ड नंबर 08 में गंदगी का अंबार, 181 शिकायत के बाद भी सफाई व्यवस्था पर सवाल ग्रामवासियों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई
कटनी । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाली के झारापानी के वार्ड नंबर 08 में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामवासी शिवराम यादव सहित समस्त ग्रामवासियों का आरोप है कि वार्ड में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है, लेकिन लंबे समय से ग्राम पंचायत द्वारा नियमित साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में नालियों, सार्वजनिक स्थानों एवं रास्तों के आसपास कचरा जमा होने से वातावरण प्रभावित हो रहा है। सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
*181 पर शिकायत, फिर भी कार्रवाई का इंतजार*
ग्रामवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत की गई थी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मौके की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतें दर्ज होने के बाद भी यदि मौके पर सफाई नहीं होती है तो हेल्पलाइन व्यवस्था का उद्देश्य ही प्रभावित होता है। उनका कहना है कि शिकायत का निराकरण केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी जानी चाहिए।
*ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार*
ग्राम झारापानी के वार्ड नंबर 08 के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत पाली की सफाई व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर मौके का निरीक्षण कराया जाए और यह पता लगाया जाए कि पंचायत में सफाई व्यवस्था के लिए क्या व्यवस्था है तथा उसका पालन किस स्तर तक हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वार्ड में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर कचरे का उचित निस्तारण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी से राहत मिल सके।
*जिम्मेदारी तय करने की मांग*
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और अभियानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए पंचायत स्तर पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। शिवराम यादव एवं समस्त ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि 181 में दर्ज शिकायत की स्थिति की भी जांच की जाए और यह देखा जाए कि शिकायत पर संबंधित स्तर से क्या कार्रवाई की गई। यदि शिकायत के निराकरण में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ और साफ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बावजूद यदि समस्या बनी रहती है तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।अब देखना यह है कि ग्राम झारापानी के वार्ड नंबर 08 में पसरी गंदगी की समस्या को लेकर जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत पाली द्वारा कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं और 181 में की गई शिकायत का जमीनी स्तर पर निराकरण कब होता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें