स्कूल की बाउंड्री से लगे टपरों को हटाने की मांग, छात्राओं की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर झिन्ना पिपरिया प्राचार्य ने पंचायत को लिखा पत्र, होनी चाहिए कार्यवाही नहीं तो छात्र करेंगे आंदोलन
स्कूल की बाउंड्री से लगे टपरों को हटाने की मांग, छात्राओं की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर झिन्ना पिपरिया प्राचार्य ने पंचायत को लिखा पत्र, होनी चाहिए कार्यवाही नहीं तो छात्र करेंगे आंदोलन
ढीमरखेड़ा । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झिन्ना पिपरिया के परिसर की सुरक्षा, स्वच्छता एवं छात्राओं की निजता को लेकर विद्यालय प्रबंधन ने ग्राम पंचायत झिन्ना पिपरिया को पत्र लिखकर विद्यालय की बाउंड्री से लगे अस्थायी टपरों को हटाने की मांग की है।विद्यालय के प्राचार्य द्वारा 30 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत सरपंच के नाम जारी पत्र में बताया गया है कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल से सटाकर कुछ अस्थायी टपरे लगाए गए हैं। पत्र के अनुसार इन टपरों के पीछे कुछ असामाजिक बाहरी लोगों के खड़े होकर खुले में शौच करने की शिकायत सामने आ रही है। इससे विद्यालय परिसर के आसपास गंदगी और दुर्गंध का वातावरण बना रहता है।
*छात्राओं के शौचालय के सामने होने से बढ़ी चिंता*
प्राचार्य ने पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया है कि उक्त टपरों के ठीक सामने विद्यालय की छात्राओं का शौचालय स्थित है। ऐसे में छात्राओं की सुरक्षा, गोपनीयता और गरिमा को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि ऐसी स्थिति से छात्राओं के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में ग्राम पंचायत से अनुरोध किया गया है कि विद्यालय की बाउंड्री से लगे इन टपरों को यथाशीघ्र हटवाने की कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
*विद्यालय परिसर को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने की मांग*
प्राचार्य ने पंचायत से विद्यालय का वातावरण सुरक्षित, स्वच्छ एवं छात्राओं के अनुकूल बनाए रखने के लिए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की है। अब देखना होगा कि ग्राम पंचायत इस शिकायत पर क्या कदम उठाती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें